– कर्मचारियों को चार माह से नहीं मिला वेतन
भिण्ड, 28 फरवरी.मनीष दुबे। जिले में नेशनल हाईवे-552 के एक्सटेंशन बाईपास निर्माण कार्य से जुड़ी उप निर्माण एजेंसी अवनटेक्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने शनिवार सुबह वेतन भुगतान को लेकर हड़ताल कर दी। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है और त्योहारों का हवाला देकर प्रबंधन लगातार टालमटोल कर रहा है। धराई गांव के नजदीक स्थित प्रोजेक्ट कार्यालय पर करीब 200 से अधिक मजदूर और कर्मचारी एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए काम बंद कर दिया।
शनिवार सुबह सभी मजदूर धरई गांव स्थित कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए काम बंद करने की घोषणा कर दी। मौके पर न तो मशीनें चलीं और न ही निर्माण कार्य आगे बढ़ सका। मजदूरों का कहना है कि नवंबर माह से लेकर अब तक नियमित वेतन भुगतान नहीं किया गया है। कई कर्मचारी वेतन की मांग को लेकर बार-बार प्रोजेक्ट कार्यालय के चक्कर काटते रहे, लेकिन हर बार उन्हें नई तारीख दे दी गई। लगातार वेतन न मिलने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। होली का त्योहार नजदीक आने पर कर्मचारियों ने एकमुश्त भुगतान की मांग तेज कर दी। लेकिन जब प्रबंधन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला तो उन्होंने सामूहिक रूप से काम बंद कर हड़ताल का रास्ता अपनाया।
मजदूरों की हड़ताल से फिलहाल कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। यदि वेतन भुगतान को लेकर जल्द समाधान नहीं निकला तो परियोजना की समयसीमा पर असर पड़ सकता है।
तीन सैकड़ा से अधिक मजदूर व कर्मचारी
जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-552 पर टोंक राजस्थान से चिरगांव उत्तर प्रदेश तक एक्सटेंशन बाईपास निर्माण कार्य चल रहा है। करीब 21 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर लगभग 148.9 करोड़ रुपये की लागत से काम कराया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में तीन सैकड़ा से अधिक कुशल और अकुशल मजदूर व कर्मचारी कार्यरत हैं।
इस मामले में कंपनी के जीएम आरके ठाकुर का कहना है कि कुछ मुद्दे सामने आए हैं, जिनका समाधान किया जाएगा। उधर प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों को इस माह का वेतन नहीं मिल सका है। वेतन वितरण के विलंब को शीघ्र दूर किया जाकर भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।


