-18 फरवरी की शाम बोरी में बंद मिला था युवती का शव
भिण्ड, 26 फरवरी। सुरपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सोई में विगत 18 फरवरी की शाम बंबा की पुलिया के पास बोरी में बंद मृत अवस्था में मिली युवती की पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उसकी मौत गला दबाने से हुई है।
युवती की पहचान बढ़पुरी निवासी 20 वर्षीय अफसाना खान के रूप में हुई थी। पुलिस को पहली नजर में ही मामला संदिग्ध लगने लगा था और पुलिस ने हत्या की आशंका जताई थी। अब पोस्ट मार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि अफसाना की मौत गला दबाने से हुई है। रिपोर्ट में स्पष्ट तौर पर हत्या की पुष्टि की गई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अफसाना घर से प्रतापपुरा खरीदारी के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना के तीन दिन बाद सुरपुरा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई, इसके बाद उसी शाम युवती का शव बरामद हो गया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
बताया गया है कि उसका मोबाइल घटना से तीन दिन पहले से बंद था। अब पुलिस अंतिम कॉल डिटेल के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार अफसाना शादीशुदा थी और लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी। कुछ लोगों से उसके विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस हर एंगल से पूरी छानबीन के साथ मामले की जांच के साथ संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है।

