आलमपुर में 15 विद्युत कनेक्शन काटे, तीन चोरी प्रकरण बनाए
भिण्ड, 23 फरवरी। बिजली विभाग द्वारा बकायादारों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसके तहत उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटने के अब टीमों द्वारा निगरानी की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति कनेक्शन कटने के बाद उसे फिर से जोड़ता हुआ पाया जाता है, तो उस पर सीधे बिजली चोरी की धारा में मामला दर्ज किया जाएगा और उसका सामान भी जब्त किया जाएगा। यह कार्रवाई उन उपभोक्ताओं के खिलाफ की जा रही है, जो नोटिस जारी होने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं कर रहे हैं।
आलमपुर में सोमवार को बिजली कंपनी ने कार्रवाई करते हुए लगभग दो लाख 20 हजार की बकाया राशि वाले 15 लोगों के कनेक्शन काट दिए। इससे पहले बिजली कंपनी द्वारा इन उपभोक्ताओं को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। बावजूद इन उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल की बकाया राशि जमा नहीं की गई। जिसके बाद अब इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए हैं। बिजली कंपनी की इस कार्रवाई से बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। आलमपुर जेई अशोक डाबर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अंतिम नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं किया जायेगा तो आगे और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
विद्युत चोरी के तीन प्रकरण भी बने
इसके अलावा बिना कनेक्शन के बिजली का उपयोग करने पर तीन लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी के प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। इनमें से एक प्रकरण महते तिराहे पर एवं दो प्रकरण वार्ड क्र.8 में बनाए गए हैं। इन तीनों उपभोक्ताओं पर अलग-अलग जुर्माना भी लगाया गया है। इनमें से एक उपभोक्ता द्वारा अवैध रूप से चक्की चलाई जा रही थी।
इनका कहना है:
”बकायादारों एवं विद्युत चोरी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है एवं यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।ÓÓ
अशोक डाबर, जेई आलमपुर


