– भक्ति और श्रद्धा से गूंजा नगर
श्योपुर, 22 फरवरी.मनीष दुबे। होली के पावन अवसर पर नगर में 16 दिवसीय अर्धनारीश्वर शिव महापुराण कथा एवं पार्थिव शिवलिंग पूजा महोत्सव का शुभारंभ भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। प्रथम दिवस पर डोडी गणेश मन्दिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो श्रद्धालुओं की उपस्थिति में कोमल किन्नर आश्रम पहुंची। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कथा वाचक पं. व्यास राधारमण महाराज ने शिव महापुराण का मंगलाचरण कर प्रथम अध्याय का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने भगवान शिव को सृष्टि के अधिपति एवं कल्याणकारी बताया। कथा में ब्राह्मण बिंदु के जन्म, उसके पिशाच योनि में जाने तथा शिव पुराण के श्रवण और पत्नी की श्रद्धा से प्राप्त मुक्ति का मार्मिक प्रसंग सुनाया गया। उन्होंने बताया कि भगवान शिव ने ब्राह्मण बिंदु को मोक्ष प्रदान कर कुबेर के पद पर आसीन किया।
कथा के दौरान शिव पूजा की विधि, पूजन सामग्री तथा भगवान शिव को प्रिय वस्तुओं जैसे बेलपत्र, धतूरा, भांग, अक्षत, गंगाजल आदि का महत्व भी श्रद्धालुओं को बताया गया। कथा के अंत में भजन, कीर्तन, स्तुति एवं होली के रसिया गाकर भगवान शिव की आरती के साथ प्रथम दिवस का समापन हुआ। इस धार्मिक आयोजन की मुख्य आयोजक परीक्षित कोमल किन्नर दीदी हैं, जबकि कथा की संपूर्ण व्यवस्था महाकाल किन्नर द्वारा संभाली जा रही है। कोमल किन्नर दीदी ने बताया कि यह आयोजन गुरु मां गादीपति आशा कंबर के आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है। यह मार्मिक एवं आध्यात्मिक कथा 9 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।


