भिण्ड, 22 फरवरी। गोहद थाना क्षेत्र के पाली डिरमन इलाके में संचालित अंजनी स्टोन क्रेशर की खदान एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। यहां रविवार दोपहर एक युवक का शव पोकलेन मशीन के पास संदिग्ध हालत में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बंद खदान में हुई इस मौत ने सुरक्षा इंतजामों और क्रेशर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाते दिए हैं।
मृतक की पहचान विनोद पुत्र राजलाल यादव (22 वर्ष) निवासी ग्राम गुड़ाही, जिला सीधी के रूप में हुई है। विनोद अंजनी स्टोन क्रेशर की खदान में पोकलेन मशीन पर हेल्परी का काम करता था। रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे उसका शव खदान में पोकलेन मशीन के बिल्कुल पास पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि विनोद बिना किसी को सूचना दिए खदान की ओर गया था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर बाद जब साथी कर्मचारियों ने उसे तलाशा तो खदान के भीतर उसका शव पड़ा मिला। हैरानी की बात यह है कि खदान और पोकलेन मशीन दोनों ही सुबह से बंद बताए जा रहे हैं, ऐसे में बंद कार्यस्थल पर युवक की मौत कई संदेह खड़े कर रही है।
सूत्रों की मानें तो प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत खदान में गिरने से होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौके की परिस्थितियां और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी बड़ी लापरवाही की ओर इशारा कर रही हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि खदान में सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी संकेत और निगरानी व्यवस्था आखिर थी या नहीं? घटना की सूचना मिलते ही गोहद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र गोहद में सुरक्षित रखवाया गया। मृतक के परिजनों को जिला सीधी में सूचना दे दी गई है। परिजनों के गोहद पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पोस्ट मार्टम कराया जाएगा। फिलहाल गोहद पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। खदान प्रबंधन, मशीन ऑपरेटर और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। बहरहाल सवाल साफ है कि क्या यह महज हादसा है या खदानों में चल रही लापरवाही ने एक और युवक की जान ले ली?
Sunday, September 27
BREAKING
- गौरी किनारा मन्दिर में सोशल ग्रुप अजितनाथ ने की प्रभावना
- नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शानदार आगाज
- टीईटी परीक्षा को लेकर शिक्षकों का फूटा गुस्सा, कलेक्टर पर किया प्रदर्शन
- लला जैन के जूता गोदाम में लगी ,आग लाखों का नुकसान
- सड़क या गांव में आवारा घूम रहे गौवंश को नजदीकी गौशाला में भेजें : सीईओ
- गौरी सरोवर पर लगी बड़ी स्क्रीन पर छात्रों ने देखा राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज कार्यक्रम
- नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म देखेंगे भिण्ड, ग्वालियर और मुरैना जिले के संत
- शिविर में 364 आवेदन हुए प्राप्त, 328 का मौके पर हुआ निराकरण


