– ग्राम प्रतापपुरा की नल जल योजना का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
भिण्ड, 18 फरवरी। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने विकास खण्ड मेहगांव के ग्राम प्रतापपुरा में नल जल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी, पंप हाउस और पाइप लाइन वितरण नेटवर्क का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभाग से योजना के तकनीकी मापदण्डों और दैनिक जल आपूर्ति के रिकार्ड की जानकारी ली।
उन्होंने स्थानीय निवासियों से चर्चा की, जिसमें पानी की उपलब्धता, समय और गुणवत्ता जैसे विषयों पर ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। रखरखाव संबंधी जो भी कमियां पाई गई हैं, उनका समय सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को अवगत कराया कि योजना के बिजली बिल के भुगतान, पंप ऑपरेटर के मानदेय और छोटी-मोटी टूट-फूट की मरम्मत के लिए समय पर जल कर जमा करना अनिवार्य है। इस दौरान एसडीएम मेहगांव, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भिण्ड, एसडीओ पीएचई, उपयंत्री पीएचई, जनपद पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।


