-धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ नगर में निकाली शिव बारात
भिण्ड, 18 फरवरी। दबोह नगर में बुधवार को ओम शांति संस्थान के तत्वावधान में त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के अवसर पर शिव बारात का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में नगर व आसपास की महिलाएं व युवक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिव बारात दोपहर 12 बजे छोटी मन्दिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई। भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी सुसज्जित रथ पर विराजमान थी, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। डीजे, ढोल-नगाड़ों और बैण्ड-बाजों की मधुर धुनों पर शिव भक्त झूमते-नाचते आगे बढ़ते रहे। यहां हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से नगर का वातावरण गूंज उठा। बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संपूर्ण नगर में भ्रमण कर निकाली गई। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शिव बारात का स्वागत किया गया। महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का उद्देश्य लोगों में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाना तथा भगवान शिव के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का समापन सिद्धेश्वर मन्दिर प्रांगण में किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में श्रीबांके बिहारी वृद्धाश्रम की संचालिका सीमा चौरसिया प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।


