– 1008 स्वर्ण कलश से हुआ तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का जन्माभिषेक
भिण्ड, 17 फरवरी। मौ नगर में 40 वर्ष बाद आयोजित 1008 आदिनाथ दिगंबर जिनबिम्ब पंच कल्याण प्रतिष्ठा महामहोत्सव के तीसरे दिन जन्मकल्याणक भक्तिभाव एवं धूमधाम से मनाया गया। पंच कल्याणक के तीसरे दिन भव्य मंच प्रस्तुति पं. संजय जेवर द्वारा की गई। अयोध्या नगरी चौधरी कमल सिंह महाविद्यालय परिसर में डॉ. विवेक शास्त्री के निर्देशन में सुबह से ही जाप, पूजा विधान आदि का कार्यक्रम किया गया। उसके उपरांत आदिनाथ भगवान के माता-पिता एवं सौधर्म इन्द्र, शची इन्द्राणी द्वारा सुंदर राज्यसभा एवं इन्द्रसभा की प्रस्तुति हुई। उसके बाद शची इन्द्राणी के गर्भ से बालक तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म हुआ। जन्म के दौरान युवा बालिकाओं ने गाजे बाजे के साथ भक्ति एवं जोरदार नृत्य किया। बालक तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का जन्म उत्सव देखने के लिए भिण्ड, ग्वालियर, पोरसा, मेहगांव, गोरमी, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा सहित अन्य जगहों साधर्मिजन पधारे।
जन्मोत्सव के उपरांत तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का मंगल बिहार अयोध्या नगरी से नगर के भिविन्न मार्गों से होते हुए फील्ड प्रांगण में पहुंचा। उसके बाद पाण्डुक शिला पर तीर्थंकर बालक आदिनाथ भगवान का 1008 स्वर्ण कलशों द्वारा जन्माभिषेक किया गया। मंगल बिहार के दौरान महिलाएं, युवा, पुरुष सभी जैन समाज के लोग गाजे बाजे के साथ भक्ति एवं नृत्य करते हुए चल रहे थे। जन्माभिषेक के उपरांत पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव के सौधर्म इन्द्र मुकेश जैन (जैना ज्वैलर्स) ने भव्य तांडव नृत्य किया। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी।
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह, गोहद विधायक केशव देसाई, भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र यादव, नप अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामअख्तियार सिंह गुर्जर, पूर्व अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाहा, पार्षद सोनपाल यादव, डॉ. दिनेश जैन, डॉ. अशोक जैन, देवेन्द्र कुमार जैन, कुशल जैन, आगम जैन, अजीत जैन, बंटू जैन आदि शामिल हुए हैं।


