पीड़ित आदिवासी परिवार जनों को हर संभव मदद दिलाएंगे : विधायक देसाई
भिण्ड, 08 फरवरी। गरीब आदिवासियों को बगैर नोटिस दिए उनकी झुग्गियों को तोड़ दिया गया है, जिससे पीड़ित परिजन कड़कड़ाती सर्दी में खुले में रहने को मजबूर हो गए हैं, यह भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन के निष्ठुरता का जीता-जागता उदाहरण है। यह बात ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल एवं गोहद विधायक केशव देसाई ने पीड़ित परिवार जनों से मिलने के बाद कही।
ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि पीड़ित आदिवासियों के अचानक आशियाने उजड़ जाने के कारण पीड़ित परिवारों के बड़े-बूढे, महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे कड़कड़ाती सर्दी में खुले में रहने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि तहसील गोहद मालनपुर के ग्राम तिलोरी में 20 वर्षों से दर्जनों आदिवासी परिवार निवास कर रहे है। आदिवासी के निवास पर कुछ लोग पुलिस के साथ जेसीबी लेकर आये और और उन्होंने बगैर सूचना/ नोटिस दिए उनके घर तोड़ दिए और कहा कि यहां से रोड निकलेगी, किन्तु उसकी पूर्व में कोई सूचना या नोटिस नहीं दिया गया। पीड़ित परिवार जनों ने प्रशासन से बहुत विनती की कि हमें अपने घरों से सामान निकाल लेने दो, हमारा राशन, पानी और कपड़े आदि रखा है, लेकिन उनके द्वारा अपना सामान भी नहीं निकालने दिया गया। छोटे बच्चे भी घरों में सो रहे थे, जिन्हें मजबूर पीड़ित आदिवासी परिवार जनों ने बहुत जल्दी मे निकाला। लेकिन वह अपना सामान नहीं निकाल पाए, जिससे पीड़ित परिवार के लोगों के भूखों मरने की नोबत आ गई है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित आदिवासी परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, गरीबी रेखा का राशनकार्ड बनाने के साथ ही शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने नायब तहसीलदार एडोरी व्रत राकेश श्रीवास्तव को भी हटाने की मांग की है।
गोहद विधायक केशव देसाई ने कहा कि भाजपा सरकार में हर जगह लोगों को किसी न किसी तरह से परेशान किया जा रहा है,उन्होंने पीड़ित आदिवासी परिवार जनों को हर संभव मदद करने और न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया है। इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य केदार कौशल, सोनपाल घुरैया, राधाकृष्ण कुशवाह, पूरन सिंह प्रजापति, पुलंदर कुशवाह, वीरू गुर्जर, पप्पू गुर्जर, रोहित बघेल, संदीप बघेल साथ रहे।


