– बाईक सवार दोनों युवक घायल
भिण्ड, 08 फरवरी। जिले की मछण्ड चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अनियंत्रित होकर वह सड़क किनारे खाई में पलट गया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गांध मछण्ड निवासी रामलखन सिंह राजावत पुत्र शिशुपाल सिंह राजावत अपने मित्र निखिल सिंह राजावत के साथ बाइक से माधौगढ़ से मछण्ड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विश्ववारी रोड पर सामने से आ रहे स्वराज ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को भिंड जिला चिकित्सालय लाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रामलखन सिंह राजावत को वार्ड में भर्ती किया है। वहीं, दूसरे घायल निखिल सिंह राजावत को परिजनों ने शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही मछंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खेत में पलटे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। चालक घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और जांच की जा रही है।


