– विधायक भी पहुंचे मौके पर, बोले- कंपनियों के पानी से दूषित हो रहे जल स्त्रोत
भिण्ड, 03 फरवरी। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में संचालित कारखाने द्वारा छोड़े जा रहे प्रदूषण का मामला गोहद विधायक केशव देसाई ने विधानसभा में उठाया था। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने मुद्दा उठाया।
मामला विधानसभा में लगने के बाद प्रशासन जागा और मंगलवार को गोहद स्वास्थ्य केन्द्र के बीएमओ वासुदेव सिकारिया मोड़लेज (केडवरी) फैक्ट्री पर टीम के साथ पहुंचे और कंपनी का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक पहुंचे और कंपनी के आसपास बह रहे नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान कंपनी प्रबंधन भी मौजूद रहा और उनकी मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कंपनी के अंदर और बाहर के नालों से पानी के सैंपल लिए।
विधायक बोले- कहीं भागीरथ पुरा न बन जाए मालनपुर
कंपनी पर निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए विधायक केशव देशाई ने कहा अभी हाल ही में इंदौर के भागीरथ पुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा है कि लोगों की शिकायत ने मुझे सोचने पर मजबूर कर दिया है और मुझे डर है कि कहीं औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर भागीरथ पुरा न बन जाए। क्योंकि ग्रामीणों द्वारा बताया जा रहा है कि कंपनियों का पानी नालों के माध्यम से गोहद बांध में जाता है। कंपनियों का दूषित पानी गुरीखा गांव के तालाब में जाता है। पूर्व में गोहद बांध और गुरीखा तालाब में दूषित पानी से मछलियां भी मर चुकी है। ग्रामीण लगातार बता रहा है कि कंपनियों के पानी से जल स्रोत भी दूषित हो चुके हैं, जो चिंता का विषय है। ने बताया कि मैंने मामले को विधानसभा में लगाया है, अब देखते हैं प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
दूषित पानी से फैल सकती है बीमारी
कंपनी में निरीक्षण करने आए डॉ. वासुदेव सिकारिया ने बताया कि कारखानों के दूषित पानी से दमा, एलर्जी, श्वांस, आंखों में जलन खुजली जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
इनका कहना है:
”कंपनी के अंदर और बाहर नालों में बह रहे पानी के सैंपल लिए हैं, जांच के बाद जो भी रिपोर्ट आएगी उसे आगे भेज दिया जाएगा।”
डॉ. वासुदेव सिकारिया, बीएमओ स्वास्थ्य केन्द्र गोहद”क्षेत्रीय लोगों की शिकायत मिल रही थी, प्रतिनिधि होने के नाते लोगों की समस्याओं को उठाना मेरा दायित्व है। मैंने मामले को विधानसभा में लगाया है। आज स्वास्थ्य विभाग की टीम कैडबरी फैक्ट्री पर निरीक्षण आई है और दूषित पानी के सैंपल भरे हैं। फैक्ट्रियों ने प्रदूषण छोड़ना बंद नहीं किया तो मैं आंदोलन करूंगा।”
केशव देसाई, विधायक गोहद


