– गोहद में करणी सेना ने कराया बाजार बंद
भिण्ड, 01 फरवरी। यूजीसी कानून के भविष्य से चिंतित सामान्य वर्ग ने गोहद में बाजार बंद कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। यहां दुकानदार भाइयों ने भी बंद को पूर्ण समर्थन दिया। तदुपरांत जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार को प्रस्तुत किया।
गोहद विधानसभा के अंतर्गत निवास करने वाला सामान्य वर्ग का नागरिक अपने बच्चों के भविष्य के लिए काफी चिंतित है। उसका चिंतित होना भी लाजिमी है क्योंकि सामान्य वर्ग का व्यक्ति किसी भी तरह की शासकीय सुविधा का लाभ लिए बिना अपने बच्चों का भविष्य बनाने के लिए अपनी आय के स्त्रोतों को गिरवी रखकर प्रयास कर रहा है। हमारे बच्चों ने भी कठिन मेहनत कर उच्च संस्थाओं में प्रवेश लिए लेकिन यूजीसी कानून मानवाधिकार का हनन कर भविष्य अंधकारमय बनाने वाला कानून है। इस कानून के लागू होने से विद्यार्थियों के अध्ययन अध्यापन पर विपरीत असर पड़ेगा। वहीं शिक्षण संस्थान राजनीत का अखाड़ा बन जाएंगे। गोहद क्षेत्र के सामान्य वर्ग के युवाओं ने बाजार बंद का आव्हान कर आक्रोश व्यक्त किया। जिसके तहत युवा वर्ग गोहद चौराहे पर एकत्रित हुआ नगर के प्रमुख मार्गों से जुलूस के रूप में निकला और काला कानून के खिलाफ नारेबाजी की। वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में केन्द्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत वर्ष में सरकार को सबसे आधिक राजस्व जमा करने वाला सामान्य वर्ग है। यह वर्ग सदैव राष्ट्र की उन्नति के लिए कार्य करता है, इस शांत स्वभाव के वर्ग को उद्वलित न करें अन्यथा परिणाम गंभीर होंगे।


