– संत रविदास जयंती पर ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान अंतर्गत ग्राम स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 01 फरवरी.मनीष दुबे। मप्र जन अभियान परिषद मेहगांव द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कतरोल ने संत शिरोमणि रविदास की जयंती के अवसर पर ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र का कार्यक्रम आंगनबाड़ी केन्द्र पर ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया। जिसकी अध्यक्षता पूर्व सरपंच मुकुट बिहारी शर्मा ने की। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था से श्यामसुंदर त्यागी, मेंटर्स कृष्णा बंसल, प्रतीक शर्मा सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान गांव विकास की समग्र उन्नति का अभियान है, गांव तभी सशक्त होंगे जब समाज समरस होगा, पर्यावरण सुरक्षित होगा, नागरिक स्वावलंबी होंगे और शिक्षा संस्कारों से युक्त जीवन पद्धति अपनाई जाएगी। विकास की प्रथम सीढ़ी सामाजिक समरसता है, जो मजबूत समाज की नीम है। जाति, वर्ग, पंथ, भाषा व आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव समाज को कमजोर करता है गांव की शक्ति हमारी एकता में है। संत रविदास जी के विचार समता, बंधुत्व, मानव गरिमा को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना रहा।
मुकुट बिहारी शर्मा ने कहा कि संत रविदास ने जात-पात और छुआछूत का कड़ा विरोध किया। ग्रामोदय का उद्देश्य भी यही है कि गांव के हर वर्ग, हर जाति और हर परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। साथ ही सबको समान सम्मान और समान अवसर मिले। कार्यक्रम का संचालन श्यामसुंदर त्यागी एवं आभार समिति अध्यक्ष राधाबल्लभ शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रस्फुटन के पदाधिकारी, ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


