-घने कोहरे के कारण हुआ हादसा, मृतकों में दो पुरुष व दो महिलाएं शामिल
भिण्ड, 30 जनवरी.मनीष दुबे। घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनार कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घटना ग्वालियर-भिण्ड रोड हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने शुक्रवार सुबह की है। सभी मृतक भिण्ड जिले के हैं।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जैसे ही कार बंटू ढाबा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को रौंद दिया। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा निवासी मेहगांव भिण्ड, ज्योति यादव भिण्ड, भूरे प्रजापति गोरमी भिण्ड और उमा राठौर पत्नी पति राम राठौर निवासी मोरोली भिण्ड के रूप में हुई है।
बताया गया है कि सौरभ बीएससी एग्रीकल्चर का पेपर देने आगरा जा रहा था। कार उसके भाई की है। रास्ते में उसे ग्वालियर के लिए सवारी मिल गई, जिनकी हादसे में मौत हो गई। मृतक ज्योति की बहन नीलम यादव ने बताया कि हमें सुबह सूचना मिली थी कि मालनपुर में एक्सीडेंट हुआ है। कार में मेरी बहन भी आ रही थी। उसे मथुरा जाना था, इसलिए वह गोरमी से निकली थी। सौरभ के भाई अंकित के अनुसार सुबह करीब 6 बजे सौरभ घर से निकला था। उसकी उम्र 24 साल थी। टक्कर के बाद ट्रक क्र. एम.पी.07 एच.बी.2801अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिने हिस्से में झाड़ियों में जा घुसा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने चारों शवों को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश और पूरे मामले की जांच कर रही है।


