– प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने पचनदा पहुंचकर की आरती
भिण्ड, 30 जनवरी.मनीष दुबे। प्रदेश के पंचायत ग्रामीण विकास एवं श्रम तथा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने उप्र के जालौन जिले की ग्राम पंचायत जग्ममनपुर में पचनदा संगम के नीचे यमुना के किनारे आरती की। मां काली और बाबा साहब के दर्शन कर पौधा रोपित किया।
उन्होंने कहा कि जल सहेलियां, जल सहेजने के लिए पचनदा से दिल्ली तक की पैदल यात्रा आज से प्रारंभ कर रही हैं। मैं पचनदा संगम पर आकर गदगद हूं। मैं जलयात्रा के संयोजक डाँ. संजय सिंह, मनीष सिंह एवं जल सहेलियों का आभार व्यक्त करता हूं। इस अवसर पर महामण्डलेश्वर साध्वी सरिता गिरी, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रमेश दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख, प्रधान सहित गणमान्य जनों के साथ सैकड़ों जल सहेलियों की भागीदारी की।
प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी ने नदी जोड़ परियोजना को प्रारंभ किया था, ताकि किसान अपनी खेती में सिंचाई के लिए वंचित न हो। इस योजना के माध्यम से किसानों के खेत में सीधा पानी जा सकेगा। आज यह योजना भारत सरकार और मप्र सरकार, उप्र सरकार के सपने को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि जल हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण अंग है। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले स्थित पावन पचनदा संगम पर जल सहेलियों द्वारा अविरल-निर्मल यमुना यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। यह पदयात्रा पचनदा से वासुदेव घाट दिल्ली तक आयोजित की जा रही है।


