-आक्रोशित लोगों ने लगाया सड़क पर जाम
भिण्ड, 29 जनवरी। जिले के मिहोना बायपास पर तेज रफ्तार बस की टक्कर से मोटर साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद बस युवक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रिपुदमन स्कूल के पास जाम लगा दिया।
जानकारी के मुताबिक वार्ड क्र.14 मिहोना निवासी जसवंत जाटव उम्र 35 वर्ष पुत्र रणधीर जाटव गुरुवार को मछरिया रोड होते हुए मोटर साइकिल पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोने की ओर से आ रही बस ने उसकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। भिड़न्त इतनी तेज थी कि बाइक सवार जसवंत बस के नीचे फंस गया और चालक उसे सड़क पर घसीटता हुआ काफी दूर तक ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मिहोना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। परिजन जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक पुलिस शव को पीएम हाउस ले जा चुकी थी। इससे नाराज स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने रिपुदमन स्कूल के पास बायपास पर जाम लगा दिया, जो करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस दौरान तेज रफ्तार बस चालक और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मछरिया बायपास दुर्घटना केन्द्र बन चुका है। यहां से गुजरने वाले वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे बायपास पार करने वाले लोग अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं।


