– दानदाताओं ने लिए संकल्प
भिण्ड, 27 जनवरी। गोहद चौराहा स्थित मुक्तिधाम में सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (गिनीज) से सम्मानित डॉ. अनिल गुप्ता उपस्थित रहे। बैठक की व्यवस्था एवं संचालन जेपी अग्रवाल ने की। यह इस विषय पर आयोजित तीसरी बैठक थी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अति शीघ्र सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र के संपूर्ण परिवार—रानी तारावती, पुत्र रोहित एवं कुत्ते की मूर्तियों की स्थापना मुक्ति धाम परिसर में की जाएगी। इस अवसर पर तिलक सिंह बोहरे ने राजा हरिश्चंद्र की मूर्ति स्थापना का संकल्प लिया। साथ ही राममित्र गुप्ता ने महाकाल की मूर्ति स्थापना के लिए संकल्प व्यक्त किया। बैठक में मुक्ति धाम परिसर की नियमित सफाई, रख-रखाव एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए एक कर्मचारी नियुक्त करने की भी घोषणा हुई। साथ ही हाई मास्ट की लाइट की भी 3 माह में व्यवस्था कर दी जाएगी।
मुख्य अतिथि गिनीज वर्ल्ड बुक होल्डर एवं अध्यक्ष मुक्तिधाम पोरसा डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि मुक्ति धाम समाज के लिए संस्कार, सत्य और कर्तव्य की प्रेरणा देने वाला पवित्र स्थल है। ऐसे स्थलों का विकास जनसहयोग से ही संभव है और समाज को इसके लिए निरंतर आगे आना चाहिए। बैठक में दानदाता तिलक सिंह बोहरे ने एक लाख रुपए, राममित्र गुप्ता ने महाकाल की मूर्ति, गिर्राज अग्रवाल प्रेम गार्डन गोहद चौराहा ने 31 हजार रुपए, गजेन्द्र जैन ने 31 हजार रुपए, नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर ने 21 हजार रुपए, विनोद चौहान ने 5100 रुपए, बल्लू टेंट वाले गोहद ने 5100 रुपए, विनोद चौहान गोहद ने 5100 रुपए, डॉ. अनिल गुप्ता पोरसा ने 11 हजार रुपए दान करने का संकल्प लिया। बैठक में तिलक सिंह बोहरे, विनोद चौहान, बल्लू टेंट वाले, जेपी अग्रवाल, गिर्राज अग्रवाल, गजेंद्र जैन, राममित्र गुप्ता, मंजू जगदीश माहौर, विकास माहौर, आशाराम, आर्टिस्ट सूरज पवैया, प्रवीण शर्मा, प्रवीण नागर सहित अन्य लोग भी बैठक में शामिल रहे।

