– सरस्वती शिशु मंदिर की बहिन की प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
भिण्ड, 27 जनवरी। 77वे गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में लहार में विकास खंड स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुडडू ने द्वारा ध्वजारोहण कर मप्र के मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र एवं छात्राओं ने बहुत ही सुंदर और मनमोहन प्रस्तुतियां दीं, जिसमें सरस्वती शिशु मन्दिर की नन्ही बहिन ने दर्शकों का मन मोह लिया समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही मुख्य अतिथि लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू द्वारा भूतपूर्व सैनिक संघ अध्यक्ष रामबहादुर सिंह कैप्टन के साथ शहीदों की पत्नियों (वीरांगनाओं) को शॉल, श्रीफल के साथ सम्मान किया गया। साथ ही भूतपूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष सहित उपस्थित सभी भूतपूर्व सैनिको का माल्यार्पण कर शालॅ एवं श्रीफल के साथ सम्मानित किया। इसके साथ ही नगर लहार में पहली बार आयोजित प्रश्न मंच प्रतियोगिता, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र एवं छात्राओं में से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्र एवं छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र के साथ प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर लहार एसडीएम विजय यादव एवं तहसीलदार दीपक शुक्ला, बीईओ प्रेमसिंह बघेल एवं बीआरसीसी अजय झा द्वारा मुख्य अतिथि लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया एवं मंडल अध्यक्ष लहार सुभाष अग्निहोत्री का शॉल श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही राजस्व विभाग एवं शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और 77 वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमो में प्रस्तुति देने वाले सभी छात्र एवं छात्राओं को भी मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र के साथ सम्मानित किया, सभी प्रस्तुति देने वाले छात्र छात्राओं को लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू द्वारा 21 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की गई। गणतंत्र दिवस समारोह का सफल संचालन साहित्यकार डॉ. कैलाश नारायण प्रजापति एवं आकाश पचौरी ने किया। समारोह में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के अलावा जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शासकीय एवं अशासकीय शिक्षक एवं शिक्षिकाये, पालक और नगर के वरिष्ठ प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

