– कपूरपूरा में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत बैठक आयोजित
भिण्ड, 24 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था प्रकर्ष फाउण्डेशन (सेक्टर 3) द्वारा विकास खण्ड के ग्राम कपूरपूरा शासकीय विद्यालय में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत महत्वपूर्ण शिक्षा एवं संस्कार बैठक का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रकर्ष फाउण्डेशन के प्रतिनिधियों ने बच्चों को बताया कि कैसे शिक्षा के माध्यम से वे अपने गांव और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। बच्चों को प्रतिदिन के जीवन में अनुशासन, बड़ों का सम्मान और स्वच्छता जैसे संस्कारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की सचिव सीमा और समिति के सचिव मोहन सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है। बैठक के अंत में बच्चों ने संकल्प लिया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करेंगे और एक आदर्श नागरिक बनेंगे।


