– ग्रामोदय से अभ्युदय अंतर्गत ग्राम स्तर पर कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 22 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद मेहगांव द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान के अंतर्गत सेक्टर दो के ग्राम हसनपुरा में ग्राम पंचायत भवन में ग्राम स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा, सचिव जयराम जरसेनिया, नवांकुर संस्था प्रमुख राकेश श्रीवास, प्रमोद भदौरिया, प्रस्फुटन समिति सचिव जितेन्द्र सिंह नरवरिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विकासखंड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने ग्रामोदय से अभ्युदय की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि सशक्त भारत का निर्माण तभी संभव है जब गांव आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और समरस हों। गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करना इस अभियान का मूल लक्ष्य है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम विकास को जनांदोलन का स्वरूप देना, ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ना तथा सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान की दिशा में ठोस पहल करना रहा। पंचायत सचिव जयराम ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, नशा मुक्ति अभियान, पोषण अभियान, मुख्यमंत्री जन कल्याणकारी योजनाएं, स्वरोजगार योजनाएं एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रमोद भदौरिया ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, नशाखोरी और भेदभाव को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने हेतु प्रेरित किया। नवांकुर संस्था से राकेश श्रीवास ने नशा मुक्ति अभियान पर चर्चा करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराएं। संचालन प्रस्फुटन समिति के सचिव जितेन्द्र सिंह नरवरिया ने किया। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के लाभ संबंधी फार्म भी भराए गए। इस दौरान प्रवीण कुमार, पंचायत सचिव जयराम जरसेनिया, प्रवीण कुमार, चंदन सिंह, नेकराम सिंह, कोकसिंह, सुल्तान सिंह सहित मातृशक्ति भी उपस्थित रही।


