– विवेकानंद जयंती पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित
भिण्ड, 12 जनवरी.मनीष दुबे। मप्र जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यकीय विभाग विकास खण्ड मेहगांव द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सेक्टर क्र.तीन मेहगांव की सेक्टर स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्या अर्पण एवं पुष्पांजलि से प्रारंभ किया।
इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को सेवा, आत्मविश्वास और राष्ट्रनिर्माण का मार्ग दिखाया। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि राष्ट्र का भविष्य उसके गांवों और युवाओं में निहित है। उनका संपूर्ण जीवन सेवा, त्याग और आत्मविश्वास का प्रेरक उदाहरण है। आज ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से हम सहभागिता, स्वावलंबन और समग्र विकास की दिशा में कार्य कर रहे हैं। शिक्षा, स्वच्छता, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर हमारी सामूहिक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब गांव सशक्त होंगे, तभी प्रदेश और देश मजबूत होंगे। यदि हम समर्पण, नवाचार और सहयोग से कार्य करें, तो आत्मनिर्भर गांव और समृद्ध भारत का सपना साकार होगा। हमें जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करना होगा। साथ ही 12 से 26 जनवरी तक ग्रामोदय से अभ्युदय कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा की। समिति के सदस्यों को मोबाइल एप पर कार्यों की जानकारी, दस्तावेजीकरण आदि का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर श्यामसुंदर त्यागी, संजीव शर्मा, राधावल्लभ शर्मा, कौशल किशोर, रामु राठौर, अजय शर्मा, हर्ष शर्मा, रामदीन, प्रदीप गोस्वामी सहित प्रस्फुटन पदाधिकारी उपस्थित रहे।


