– नगर में पानी की समस्या को लेकर कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा
भिण्ड, 11 जनवरी। फूप नगर में पानी की समस्या को लेकर रविवार को नगर वासियों के साथ नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदों ने धरना देकर नगर में पानी सप्लाई करने वाली कंपनी कल्याण टोल इंफ्रास्ट्रक्चर के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार इंदौर की तरह फूप नगर परिषद के कुछ वार्डों में गंदा पानी आने के बाद हड़कंप मच गया था। जिसकी शिकायत किए जाने के बाद नगर परिषद ने पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था, जिसमें ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि हुई। जिसकी सूचना नगर में पानी सप्लाई करने वाली कंपनी को दी गई, जिनके द्वारा कंप्रेसर लगवाकर उसकी सफाई करने का प्रयास भी किया गया। उसके बाद भी बोर में से उस पदार्थ के समाप्त न होने की जानकारी मिलने पर उसे बंद कर दिया गया। इस बोर को बंद किए जाने के बाद से नगर के कुछ वार्डों में पानी की आपूर्ति की समस्या पैदा हो गई। जिसको लेकर नगर वासियों के साथ नगर परिषद पदाधिकारियों द्वारा नगर में पानी आपूर्ति करने वाली कंपनी को लगातार पानी की समस्या के समाधान करने लिए बोला जा रहा था, लेकिन लगातार अनसुनी किए जाने के बाद रविवार को नगर वासियों के साथ नगर परिषद के सभी पदाधिकारियों ने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और पानी टंकी के पास उनके संस्था पर बैठकर धरना देते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। जिनके द्वारा फोन पर बात करने के दौरान समस्या के समाधान के लिए तीन दिन का समय मांगा गया।


