– रंजिश के चलते आरोपियों ने 15 नवंबर को कर दी थी शिवनारायण की हत्या
भिण्ड, 07 जनवरी। जिले के आलमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गांगेपुरा के बहुचर्चित शिवनारायण हत्याकाण्ड का पुलिस ने खुलाशा करते हुए अपराध में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी गांगेपुरा के ही निवासी हैं, जिन्होंने पुरानी रंजिश के चलते इस हत्याकाण्ड को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार 15 नवंबर 2025 को फरियादी रामपाल कौरव निवासी गांगेपुरा ने अपने पिता शिवनारायण कौरव (काकाजी) उम्र 75 वर्ष की अज्ञात आरोपियों द्वारा 14-15 नवंबर की दरम्यानी रात को हार में कोठी पर सोते समय धारदार हथियार से हत्या करने की शिकायत की थी। जिस पर थाना आलमपुर में अपराध क्र.99/25 धारा 103(1) बीएनएस के अंतगर्त अज्ञातों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था ।
उपपुलिस महानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक भिण्ड डॉ. असित यादव ने उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए एएसपी संजीव पाठक के निर्देशन एवं एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी के मार्गदर्शन में अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की थी। प्रकरण की विवेचना के दौरान घटना स्थल का निरीक्षण सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट द्वारा किया तथा पुलिस डॉग का भी विवेचना में उपयोग किया गया। घटना स्थल पर पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य प्राप्त हुए थे, उन्हें जब्त किया गया एवं विवेचना के अनुक्रम में भौतिक साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया, जिससे विवेचना अधिकारी को महत्वपूर्ण सुराग हासिल हुआ। आगामी विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही तीन संदेहियों को मंगलवार को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो तीनों घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपियों को उक्त अपराध में गिरफ्तार किया गया। चूंकि मृतक की आरोपियों के साथ पुरानी पारिवारिक रंजिश चल रही थी, जिसकी वजह से आरोपियों द्वारा घटना कारित करने की योजना बनाई गई थी, जिसमें इन दोनों ने गांव के ही एक अन्य आरोपी को भी शामिल कर लिया। क्योंकि उसके साथ भी पिछले वर्ष झगड़ा हुआ था, इसीलिये तीसरा आरोपी भी उनकी योजना में शामिल हो गया, फिर मौका देखकर योजना अनुसार तीनों ने धारदार हथियार से मृतक शिवनारायण कौरव की रात में हार की कोठी पर सोते समय हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ी, एक सरिया जब्त किया एवं आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगामी विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में से दो आरोपियों का पूर्व अपराधिक रिकार्ड भी पाया गया है।
इस हत्याकाण्ड का खुलासा करने में थाना प्रभारी आलमपुर निरीक्षक रवि उपाध्याय, थाना प्रभारी अटेर निरीक्षक रामनरेश यादव, प्रभारी सायबर सैल सत्यबीर सिंह, सउनि मनोज कुमार एवं ओमकार सिह तोमर, प्रधान आरक्षक महेश, सायबर सैल प्रधान आरक्षक हेमंत आर्य, आरक्षक योगेन्द्र शर्मा, जितेन्द्र सिहारे, रामगोपाल ओझा, भावेश बरुआ, मंगल सिंह, सिद्धांत कौरव, राघव गुर्जर, बृजनंदन सिकरवार, सुदामा शर्मा, लाली प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।


