– गांगेपुरा मण्डल में सकल हिन्दू समाज सम्मेलन आयोजित
भिण्ड, 05 जनवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर लहार जिला के गांगेपुरा मण्डल में सकल हिन्दू समाज सम्मेलन आयोजित किया गया है। जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लहार जिला प्रचारक राजपाल, कथा वाचक कुंजबिहारी बरुआ, साध्वी बहिन हर्षिता किशोरी, पं. रामनारायण दुवे, पं. रामकुमार शास्त्री मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम के प्रारंभ भारत माता का पूजन और अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम हुआ, इसके पश्चात प्रवचन हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता संघ के जिला प्रचारक राजपाल ने कहा कि हिन्दू होना गर्व की बात है, पूरे विश्व में हिन्दू ही है जो वसुधैव कुटुंबकम् की बात करता है। हिन्दू संगठित रहेगा तो भारत समर्थ होगा। हिन्दुत्व एक ऐसी जीवंत परंपरा है जो समाज को जोड़ने का कार्य करती है। कथा वाचक कुंजबिहारी बरूआ ने धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, उद्घोष के संदर्भ में समझाते हुए कहा कि देश में विभिन्न धर्म है। लेकिन सनातन धर्म से अच्छा कोई धर्म नहीं है। बांकी तो केवल मजहब है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सकल हिन्दू समाज की माताओं बहिनों एवं पुरुषों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती एवं प्रसाद वितरण हुआ।
गेंथरी मण्डल में हिन्दू सम्मेलन की तैयारियां जोर शोर से
आलमपुर के समीप स्थित प्राचीन धार्मिक स्थल बाराही देवी गेंथरी माता मन्दिर पर गेंथरी मण्डल द्वारा आगामी 17 जनवरी को सकल हिन्दू समाज सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसकी संचालन समिति द्वारा तैयारियां जोर शोर से की जा रही है। हिन्दू समाज के लोग टोली बनाकर संत महात्माओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से संपर्क कर उन्हें हिन्दू सम्मेलन में परिवार सहित शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।


