– हाईवे पर घायलों से मिले महाराज, 29 दिसंबर बरेठा टोल प्लाजा पर होगा संत समागम
– कई सामाजिक और भूतपूर्व सैनिक संगठनों का समर्थन
भिण्ड, 27 दिसम्बर.मनीष दुबे
ग्वालियर-भिण्ड हाईवे सिक्स लेन बनाओ और गौ अभ्यारण की मांग को लेकर संत कालीदास महाराज ने भिण्ड जिले और मालनपुर के आस-पास के ग्रामीण जनों से 29 दिसंबर को सुबह 10 बजे से टोल प्लाजा बरेठा मालनपुर पर होने वाले टोल फ्री आंदोलन और संत समागम में भाग लेने की अपील की। महाराज ने बताया कि सभी संत समाज राम नाम संकीर्तन करेंगे और आम जनता के लिए टोल फ्री करेंगे। हाईवे पर बंजारे के पुरा के पास हुए हादसे में घायलों से महाराज ने ग्वालियर जयारोग्य चिकित्सालय जाकर मुलाकात की हालचाल जाना।
संत समाज जिला अध्यक्ष संत कालीदास महाराज ने बताया कि इस अभियान में महामंडलेश्वर रामदास महाराज दंदरौआ धाम, महामंडलेश्वर रामभूषण दास महाराज, महामंडलेश्वर हरिनिवास अवधूत महाराज, संत कमलदास महाराज टीकरी, राघवपुरी महाराज शाला मिहोनी, प्रद्युम्न महाराज, डॉ. शिवप्रताप महाराज पीठाधीश्वर त्रिमूर्ति धाम, नरसिंह दास महाराज, महामंडलेश्वर मोहनानंद महाराज, त्यागी बाबा शनि धाम, रामभजन दास महाराज, सिद्धेश्वर मन्दिर ग्वालियर सहित सैकड़ों की संख्या में ग्वालियर और भिण्ड, मुरैना जिले के संत समाज शामिल रहेंगे।
दूसरी तरफ भूतपूर्व सैनिक कल्याण सेवा संघ ग्वालियर चंबल संभाग के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह भदौरिया ने संत समाज के अभियान को समर्थन देने का ऐलान किया है, साथ ही इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ग्वालियर चंबल संभाग के अपने सभी सदस्यों से समर्थन की घोषणा की, पूर्व सैनिक संगठन भारत के सूबेदार मेजर शत्रुघ्न सिंह तोमर ने भी समर्थन का ऐलान किया है।


