– कल्लू पठान बने विकलांग संघ के लहार ब्लॉक अध्यक्ष
भिण्ड, 27 दिसम्बर.मनीष दुबे।
भारतीय दिव्यांग संगठन जनों का सम्मेलन दबोह में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि जिलेदार गौड़, भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष शिवकुमार गोस्वामी, वरिष्ठ नेता बल्लू बकील, दबोह थाना प्रभारी राजेश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सर्वप्रथम कार्यक्रम के संरक्षक काले खां कल्लू ने जिलाध्यक्ष का माल्यापर्ण कर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात बहार से पधारे सभी दिव्यांग जनों को दबोह थाना प्रभारी ने माला पहनाकर उनका अभिवादन किया।
इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष शिवकुमार गोस्वामी ने दिव्यांगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं मण्डल अध्यक्ष नहीं, मैं तो आपका सेवक मात्र हूं , भाजपा सरकार दिव्यांगों के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति में सेवा भाव होना चाहिए, तभी हम अपना जीवन सफल करते है। दबोह थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने कहा कि आप लोग हिम्मत नहीं हारें, कहते हैं कि मन के हारे हार है मन के जीते जीत, आप लोगों को हौंसला बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि जब तक मैं दबोह में हूं यदि तुम्हे कोई परेशान करता है या आपके बच्चे आपकी मारपीट करते हैं तो तुम्हारा बेटा, भाई यहां बैठा है, आप हमारे ऑफिस में आकर अपनी परेशानी बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें बताया गया कि दिव्यांग जनों की हर माह यहां बैठक की जाएगी, यह अच्छा कदम है, क्योंकि दिव्यांग जिला और संभाग तक नही जा सकते है। यह बहुत ही सराहनी पहल है।
वरिष्ठ नेता बल्लू बकील ने कहा कि इन दिव्यांगों को सरकार की तरफ से पेंशन के रूप में 600 रुपए मिलते हैं, वह एक हजार करने के लिए विधायक के समक्ष प्रस्ताव रखूंगा। बैठक को शिक्षक संजू गुप्ता ने भी संबोधित किया। बैठक में पार्षद प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता, बालजी गुर्जर, महेन्द्र, नीरज यादव, सुरेन्द्र गर्ग, जाकिर हुसैन, अनिल कुशवाह, रामवीर कुशवाह, समीर पठान, कृष्णा राठौर, नीलू महाराज, अरुण पटेल, राकेश विश्वकर्मा, पप्पू पठान, मौजूद रहे। कार्यक्रम में दिव्यांग संगठन के जिलाध्यक्ष ने कल्लू पठान को संगठन के लहार ब्लॉक अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई, जिसका सभी सदस्यों ने समर्थन किया।


