– पाल-बघेल समाज के लोग लोकगीत कन्हैया कार्यक्रम को शासकीय कार्यक्रम घोषित करने की मांग करेंगे
भिण्ड, 26 दिसम्बर.मनीष दुबे ।
ग्रामीण कांग्रेस भिण्ड के जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि पाल-बघेल समाज के कारिंदा नंदनाम सागर का लोक गायन मंच ग्वालियर पशु मेला के पास मेला ग्राउण्ड में स्थापित किया जाता रहा है। जिसमें देश के कई प्रांतों से लोक गीत कन्हैया कार्यक्रम में लोक गायक एवं श्रोतागण लाखों की संख्या में सहभागिता करने आते हैं। यह लोक गायन कार्यक्रम प्रतिवर्ष 25 दिसंबर को ग्वालियर मेला ग्राउण्ड में निश्चित स्थान पर आयोजित किया जाता रहा है। इस बार भी 122वां लोकगीत कन्हैया कार्यक्रम 25 दिसंबर को नंदराम सागर की चौथी पीढ़ी द्वारा आयोजित गया। जिसे ग्वालियर मेला प्रशासन द्वारा ग्वालियर मेला ग्राउंड से हटाकर फूलबाग में आयोजित करने की अनुमति प्रदान की, क्योंकि 25 दिसंबर को मेला ग्राउण्ड में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आमसभा का कार्यक्रम हुआ।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि हमें एवं हमारे पाल-बघेल समाज को केन्द्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम से कोई आपत्ति नहीं थी। ग्वालियर मेला ग्राउण्ड काफी बड़े क्षेत्रफल में फैला हुआ है। जिसमें केन्द्रीय गृहमंत्री का भी कार्यक्रम आसानी से हो सकता था और हमारे समाज का परम्परागत कार्यक्रम भी मेला ग्राउण्ड में एक तरफ आसानी से हो सकता था। केन्द्रीय गृहमंत्री का कार्यक्रम होने के कारण फूलबाग मैदान के लिए रास्ते डायवर्ट कर दिए गए। इस कारण कन्हैया लोकगीत कार्यक्रम संभावना के अनुसार नहीं हो पाया। जिससे पाल, बघेल, गड़रिया समाज की भावनाओं को गहरा आहत पहुंचा। उन्होंने कहा कि लोक गीत कन्हैया कार्यक्रम को शासकीय रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम घोषित कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं सांस्कृतिक मंत्री को पत्र लिखकर मांग करेंगे।


