– नगर में 40 वर्ष बाद होगा महोत्सव
मौ, 24 दिसम्बर। मौ नगर में अगले वर्ष आयोजित होने वाले आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याण एवं गजरथ महोत्सव की तैयारी को लेकर शांतिनाथ दिगंबर जैन मन्दिर मौ में बैठक आहूत की गई। जिसमें महामहोत्सव को सफल बनाने हेतु कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें बिजली व्यवस्था, साफ सफाई, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं, साथ ही कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए अन्य आवश्यक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मौ नगर में लगभग 40 वर्ष बाद पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं गजरथ का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन सेवड़ा रोड स्थित चौधरी कमल सिंह महाविद्यालय परिसर में 15 से 20 फरवरी तक पं. अभिनंदन शास्त्री के सानिध्य में किया जाएगा। महोत्सव के दौरान महाविद्यालय परिसर को अयोध्या की तरह सजाया जाएगा। प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। जिससे नगर का वातावरण धर्ममय और उत्साह पूर्वक बनेगा। पंच कल्याण महोत्सव की रूपरेखा विस्तार से तैयार की जा रही है। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि, उपाध्यक्ष एवं जैन समाज के समस्त जनप्रतिनिधि लोग उपस्थित हुए।

