– नगर परिषद आलमपुर पुरानी जर्जर पानी की टंकी को गिराने की करेगी कार्रवाई
भिण्ड, 21 दिसम्बर। आलमपुर में बस्ती के अंदर आवासीय क्षेत्र में नरसिंह मन्दिर के पास बनी पुरानी पानी की टंकी के जर्जर अवस्था में पहुंचने पर नगर परिषद ने आखिरकार जल आपूर्ति बंद करा दी है और जल्द ही पुरानी जर्जर पानी की टंकी को गिराने की कार्रवाई की जाएगी।
आलमपुर में नरसिंह मन्दिर के पास वर्षों पहले बनी पानी टंकी से वार्ड क्र.7, 8, 9 एवं 10 में पाइप लाइन के माध्यम से पानी की सप्लाई होती थी। लेकिन उक्त पानी की टंकी बेहद जर्जर अवस्था में पहुच चुकी है। पानी की टंकी में कई जगह लम्बी चौड़ी दरारें आ गई है। सीमेंट के पपटा उपट कर गिरने लगे हैं और सरिया भी जंग खाकर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। यहां तक कि पानी की टंकी में कई जगह पीपल और बरगद के पेड़ तक ऊंग आए हैं। जर्जर हालत के कारण पानी की टंकी के गिरने का खतरा बना हुआ है। इसी के चलते नगर परिषद ने उक्त जीर्ण-शीर्ण पानी की टंकी से नगर के वार्डों में होने वाली पानी की सप्लाई को बंद कर दिया है। नगर के जिन वार्डों में इस पुरानी पानी की टंकी से जल आपूर्ति होती थी। उन वार्डों में अब बोरबेल से डायरेक्ट पानी सप्लाई किया जा रहा है। जल आपूर्ति व्यवस्था परिवर्तन के चलते वार्ड क्र.7, 8, 9 एवं 10 के लोगों को दो-तीन दिन पानी की समस्या से जरूर जूझना पड़ा है। लेकिन अब डायरेक्ट बोरबेल के माध्यम से अधिकांश लोगों के घरों तक पानी पहुंचने लगा है। प्रेशर कम होने के कारण जिन घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। उनके घरों तक भी पानी पहुंचाने का नगर परिषद प्रयास कर रही है।
बताया गया है कि नगर परिषद द्वारा आवासीय क्षेत्र में बनी उक्त जर्जर पानी की टंकी को जल्द ही गिराने की कार्रवाई की जाएगी। विदित हो कि तीन चार साल पहले ही अधिकारियों ने उक्त पानी की टंकी का अवलोकन कर उसकी हालत को देखकर अनुपयोगी साबित कर दिया था।


