– हनुमान चालीसा पाठ कर प्रशासन से सद्बुद्धि की कामना, 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
भिण्ड, 19 दिसम्बर। गोहद नगर में लंबे समय से चली आ रही जन समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कन्या उमावि के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करने की भावना से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद एसडीएम के नाम तहसीलदार विश्राम शाक्य को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में गंज बाजार से अस्पताल तक अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग प्रमुख रही। नगर की गलियों और मोहल्लों में साफ-सफाई न होने, नालों-नालियों के जाम रहने से नागरिकों को हो रही परेशानी का उल्लेख करते हुए तत्काल समाधान की मांग की गई। विभिन्न वार्डों में कचरा गाड़ी न पहुंचने से फैल रही गंदगी पर भी आपत्ति जताई गई।
कांग्रेस नेताओं ने नगर में आवास से वंचित गरीब, मजदूर और बेसहारा लोगों को चिन्हित कर आवास सूची में शामिल करने, समय पर दिव्यांग शिविर आयोजित करने और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। साथ ही दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धा पेंशन के फार्म भरने, बीपीएल राशन कार्ड और मजदूरी कार्ड बनाए जाने की बात भी ज्ञापन में रखी गई। नगर के मुख्य मार्गों और गली-मोहल्लों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों को सुचारू कराने, पुराने बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों पर कैमरे लगाने और बंद पड़े कमरों को पुन: चालू करने की मांग की गई। सुबह 4 से 7 बजे तक मॉर्निंग वॉक के समय भारी वाहनों के संचालन पर नियंत्रण तथा हाथ ठेला दुकानदारों से बिना रसीद की जा रही अवैध वसूली बंद करने की मांग भी शामिल रही।
कांग्रेस ने प्रशासन को समस्याओं के समाधान के लिए सात दिन का समय दिया है। चेतावनी दी गई कि यदि तय अवधि में निराकरण नहीं हुआ तो कांग्रेस द्वारा आंदोलन तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में रहे मौजूद
इस अवसर पर पिंकी उच्चाड़िया, डॉ. अमर सिंह जाटव, कुलदीप सिंह गुर्जर, गणेशाराम शर्मा, राहुल देसाई, धर्मेन्द्र उर्फ राहुल उपाध्याय, कैलाश माहौर, अवध बिहारी गुर्जर, तहसील शाह, रमजानी खान, देवेन्द्र पाठक, गुट्टी शर्मा, लाल बहादुर सिंह जादौन, जीतू यादव, उमाशंकर शर्मा, भूरा पंडित, मनोज कुमार गुप्ता, सचिन देसाई, गजेन्द्र बंसल, विपिन कुमार, अजय कुमार, आसाराम, शिवसिंह गुर्जर, गौरव कोली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद रहे।
अपनी ही पार्टी के अध्यक्ष के कार्यकाल पर आस्था आंदोलन
गोहद में कांग्रेस समर्थित नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर को कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. गोविन्द सिंह द्वारा भाजपा के मुंह से अध्यक्ष पद छीनकर बनाया था, गोहद नगर पालिका में निर्दलीय पार्षदों की संख्या अधिक होने से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद निर्दलीयों के खाते में कांग्रेस के समर्थन से अध्यक्ष बने मंजू जगदीश माहोर के कार्यकाल में जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है चारों तरफ गंदगी का साम्राज्य व्याप्त है, नालियां चोक पड़ी हुई गंदगी सड़कों पर पड़ी है, निर्माण कार्य ठप्प पड़े हुए है, जब कांग्रेस का समर्थन से अध्यक्ष पद पर विराजमान है फिर कांग्रेस कार्यकर्ता एवं विधायक के खास पिंकी उचड़िया द्वारा सद्बुद्धि यज्ञ करना आखिर कौन सी राजनीति है।


