📝विष्णु गौड़ मालनपुर
मालनपुर, 18 दिसम्बर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर स्थित प्रतिष्ठित कंपनी सूर्या रोशनी लिमिटेड के श्रमिक गंभीर सिंह ने अपनी कार्य कुशलता और सेवा के प्रति समर्पण से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। मप्र श्रम कल्याण मंडल भोपाल द्वारा वर्ष 2023-24 के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘उत्तम श्रमिक पुरस्कारà से नवाजा गया है। नरसिंहपुर में आयोजित एक भव्य राज्य स्तरीय समारोह के दौरान, मप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गंभीर सिंह को प्रशंसा पत्र और 25 हजार रुपए का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इस विशेष अवसर पर प्रदेश की विभिन्न औद्योगिक इकाईयों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
यह उपलब्धि प्रदेश के इतिहास में एक मिसाल के रूप में देखी जा रही है, क्योंकि संभवत: यह पहला अवसर है जब किसी सफाई कर्मचारी को उसके उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय उत्तम श्रमिक पुरस्कार दिया गया है। सूर्या रोशनी लिमिटेड के प्रबंधन ने गंभीर सिंह की निष्ठा को देखते हुए इस पुरस्कार हेतु उनके नाम की अनुशंसा की थी। प्रबंधन ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सिद्ध करता है कि मेहनत और ईमानदारी से किए गए कार्य को हमेशा पहचान मिलती है। यह पुरस्कार न केवल कंपनी के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य श्रमिकों के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बनेगा।


