-मृतक ने घटना से पहले अपने दोस्त से कही थी आत्महत्या करने की बात
भिण्ड, 16 दिसम्बर। देहात थाना क्षेत्र के कीरतपुरा गांव में एक युवक की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। कुछ लोगों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है, लेकिन पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है।
जानकारी के अनुसार रविकेश तोमर वर्ष 23 वर्ष निवासी कीरतपुरा ने सोमवार की रात घटना से कुछ देर पहले अपने दोस्त शिवम को फोन किया था। वह फोन पर रोते हुए कह रहा था कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। घबराए दोस्त ने तुरंत रविकेश के चाचा शिवजतन सिंह तोमर को सूचना दी। रात करीब एक बजे घर के पिछवाड़े बने प्लॉट से गोली चलने की आवाज आई। परिजन वहां पहुंचे तो रविकेश मृत पड़ा था। सूचना मिलने पर सुबह तीन बजे देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोपहर 12 बजे पंचनामा बनाकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोली 315 बोर के अवैध हथियार से चलाई गई है, जो सीने में फंसी हुई मिली। पुलिस इसे आत्महत्या और हत्या, दोनों एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।


