– परिजन का आरोप- सिर्फ सर्दी-जुकाम था, झोलाछाप डॉक्टर ने लगाया गलत इलाज
भिण्ड, 14 दिसम्बर। मिहोना में शनिवार को एक झोलाछाप डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगाकर फिर एक किसान की जान ले ली। उसके परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज को खुजली होने लगी, सांस फूलने लगी और मुंह से झाग आने लगा। तब सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिहोना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सर्दी-जुकाम होने पर जगनपुरा निवासी अखिलेन्द्र प्रताप सिंह राजावत उर्फ नीरू उम्र 45 साल डॉ. विजय बंगाली के क्लीनिक गया था। परिजन ने बताया कि डॉक्टर ने बिना उचित जांच के इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद अखिलेन्द्र की तबीयत बिगड़ गई। तत्काल सिविल अस्पताल लहार लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मिहोना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्ट मार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। डॉक्टर की तलाश की जा रही है। बताया गया है कि किसान अखिलेन्द्र की दो बेटियां और दो बेटे हैं। 3 दिसंबर को ही बड़ी बेटी की सगाई हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।


