-साथ आई सास को नीबू फेंकने के बहाने गांव से एक किमी दूर भेजा
भिण्ड, 11 दिसम्बर। जिले के मिहोना थाना क्षेत्र के ग्राम लिधौरा में अंधविश्वास के चलते एक 70 वर्षीय तांत्रिक ने पुत्र प्राप्ति का लालच देकर मिहोना कस्बे की रहने वाली 24 वर्षीय विवाहिा के साथ दुष्कृत्य किया। आरोपी ने तंत्र-मंत्र के बहाने महिला की सास को दूर भेज दिया और विरोध करने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी।
जानकारी के मुताबिक बताया गया है कि महिला की शादी को तीन साल होने के बाद भी उसे कोई संतान नहीं होने पर पुत्र प्राप्ति की चाह में मिहोना निवासी 24 वर्षीय महिला अपनी सास के साथ लिधौरा गांव में 70 वर्षीय तांत्रिक रामप्रकाश पचौरी के पास गई। तांत्रिक ने महिला और उसकी सास को अपने झांसे में लिया और कहा कि महिला की कोख बंधी हुई है। इसके बाद उसने इलाज के नाम पर उन्हें दो-तीन बार अपने स्थान पर बुलाया। मंगलवार को तांत्रिक ने महिला को कोख खोलने की तंत्र क्रिया के लिए फिर बुलाया। उसने योजना के तहत महिला की सास को एक नींबू दिया और कहा कि इसे गांव से करीब एक किमी दूर मेढ़े के बाहर फेंककर आओ। तांत्रिक ने शर्त रखी कि पीछे मुड़कर मत देखना और जब तक पूजा न हो जाए, तब तक वापस मत आना।
सास के नींबू फेंकने जाते ही तांत्रिक रामप्रकाश पचौरी ने अकेलेपन का फायदा उठाकर महिला के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। जब महिला के विरोध करने पर तांत्रिक ने पास में रखा हंसिया उठाया और महिला की गर्दन पर रखकर हत्या करने की धमकी देते ही महिला भयभीत हो गई। इसके बाद तांत्रिक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और आरोपी भाग निकला। काफी देर के बाद जब सास लौटकर आई तो पीड़िता ने घटना सास को बताई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच की और बुधवार देर रात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी तांत्रिक फिलहाल फरार है, उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।


