– वीडियो सामने आते ही सरपंच बेटे सहित तीन पर मामला दर्ज
भिण्ड, 30 नवम्बर। जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र के घिंरोगी गांव में एक शादी समारोह के दौरान जमकर हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। यहां ग्वालियर से आए डांसरों के कार्यक्रम के बीच युवकों ने लाइसेंसी हथियारों से करीब 100 राउण्ड फायर किए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार घिंरोगी के सूरज भान गुर्जर के भतीजे राहुल पुत्र विनोद सिंह की शादी में रंगारंग कार्यक्रम रखा गया था। शादी में ग्वालियर से डांसर बुलाए गए थे। जैसे ही डांसरों का प्रदर्शन शुरू हुआ, कुछ युवक हथियार लेकर मंच के पास आ गए और लगातार फायरिंग करने लगे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में दस से ज्यादा बंदूकें मौजूद थीं और लगभग सौ राउण्ड से अधिक गोलियां चलाई गईं। भीड़ भरे कार्यक्रम में इस तरह की फायरिंग से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया।
बताया गया है कि आरोपी युवक अरविन्द गुर्जर है, जो मुरैना विकास खण्ड की बड़बारी पंचायत के वर्तमान सरपंच राजवीर गुर्जर का बेटा है। शुक्रवार शाम एक शादी समारोह में अरविन्द ने अपने पिता की लाईसेंसी बंदूक से एक के बाद एक हर्ष फायर किए। वीडियो में वह एक कुर्सी पर बैठकर बंदूक को सामने की ओर तानकर लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। जैसे ही वीडियो पुलिस तक पहुंचा, मालनपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई। वीडियो के आधार पर तीन अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस शादी के आयोजकों से भी पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है। वीडियो की जांच की जा रही है, आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हर्ष फायरिंग में शामिल किसी भी युवक को बख्शा नहीं जाएगा।


