– निर्वाचन कार्य लापरवाही पर ग्राम सचिव एवं रोजगार सहायक का वेतन राजसात
भिण्ड, 25 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन क्रम में कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता सूची में जुड़ने ना पाएं, साथ ही कोई भी मतदाता भारत में केवल एक ही जगह पर मतदाता के रूप में दर्ज हो, इस कवायत को लेकर लहार अनुभाग में 300 बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का गहन पुनरक्षण कार्य किया जा रहा है। जिसके क्रम में एसडीएम लहार विजय यादव ने ग्राम जगनपुर, बारहेट, बोहारा, अचलपुरा, मिहोना, मछरिया एवं ररी का निरीक्षण किया। उनके साथ मिहोना तहसीलदार अमित दुबे एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लहार प्रेमसिंह बघेल भी मौजूद रहे।
एसडीएम विजय सिंह ने उक्त ग्रामों में मतदाताओं से जानकारी साझा कर बताया कि वह तत्काल अपने गणना फार्म को उनके संबंधित बीएलओ को जमा कराएं। उन्होंने ग्राम सचिव ररी शिकारपुरा प्रभंजन बरुआ एवं ग्राम रोजगार सहायक चाचीपुरा अरविंद सिंह का निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही के चलते बिना सूचना के क्षेत्र में से अनुपस्थित पाए जाने पर एवं कार्य में रुचि न लेने पर दोनों कर्मचारियों का माह नवंबर का 5-5 दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश संबंधित जनपद सीईओ लहार एवं रोन को दिए।
शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने पर दो बीएलओ का किया सम्मान
सुबह से लेकर देर रात तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का गहन किया जा रहा है। जिसके क्रम में 5 बूथ बीएलओ विक्रम सिंह सोलंकी, शीलप्रिय गौतम, संतोष बादल, प्रेम नारायण माहौर, शशिकांत पचौरी ने कठोर परिश्रम करते हुए स्वयं के क्षेत्र के शत-प्रतिशत मतदाताओं का डिजिटाइजेशन समय पूर्व करके दिखाया। एसडीएम लहार विजय सिंह यादव ने उनके कर्तव्य निष्ठा को देखते हुए पुष्प माला पहनाकर एवं शुभकामनाएं देकर उन्हें सम्मानित किया।


