-दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
भिण्ड, 25 नवम्बर। अटेर थाना क्षेत्र के अहरौली घाट में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। विगत दिवस हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक पक्ष के लोग लाठी-डंडों से महिलाओं और परिवार के सदस्यों को पीटते दिख रहे हैं। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर एक तरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक भरत प्रजापति के परिवार और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि विवेक भदौरिया और गणेश भदौरिया ने भरत प्रजापति के परिजनों के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी विवेक भदौरिया और गणेश भदौरिया के खिलाफ मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होगा और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


