– ऊमरी पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले
भिण्ड, 31 मार्च। ऊमरी थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार उसके कब्जे से एक लाख 40 हजार रुपए गहनों सहित तीन लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार ऊमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डरी रोड स्थित एक सराफा दुकान से 20 मार्च को अज्ञात व्यक्ति ने सोने के मंगलसूत्र एवं पेंडल चोरी किए थे। फरियादी की शिकायत पर थाने में अपराध क्र.55/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी/ एसपी डॉ. असित यादव, एएसपी संजीव पाठक के निर्देशन में तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भिण्ड दीपक तोमर के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान ऊमरी से फिरोजाबाद तक लगभग 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई। 27 मार्च को पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को बिना नंबर की पल्सर मोटर साइकिल सहित भगत की गढ़िया चौराहे के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, किन्तु सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। मौके से मोटर साइकिल, हेलमेट एवं मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपी की निशानदेही पर उसके बंद पड़े ईंट भट्टे (मैनपुरी रोड, सिरसागंज) से चोरी गया माल 2 सोने के मंगलसूत्र पेंडल, 2 छोटे सोने के पेंडल कीमत एक लाख 40 हजार रुपए का बरामद किया गया। इसके अलावा थाना सिटी कोतवाली भिण्ड के अपराध क्र. 560/2025 धारा 318(4) बीएनएस की वारदात से संबंधित सोने के आभूषण एक मंगलसूत्र का पेंडल, तीन जोड़ी बाली, एक जोड़ी बाला, एक ओम भी बरामद किए गए।
आरोपी के अपराध करने का तरीका
आरोपी सराफा दुकानों में स्थानीय अनजान व्यक्तियों से पहिचान बनाकर, रिश्तेदार बनकर उनके साथ ग्राहक के रूप में प्रवेश करता था, दुकानदार को बहाने से व्यस्त कर कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। आरोपी पूर्व में ग्राम पंचायत का प्रधान रह चुका है। आरोपी पूर्व में भी विभिन्न जिलों में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 12 आपराधिक प्रकरण एवं भिण्ड जिले के सिटी कोतवाली, थाना ऊमरी में 2 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी (420 भादवि), मारपीट एवं बलवा, गैंगस्टर एक्ट, जुआ एवं अन्य अपराध शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ऊमरी शिवप्रताप सिंह, उपनिरीक्षक ध्यानेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी नयागांव वैभव तोमर, थाना प्रभारी बरोही अतुल भदौरिया, सउनि सत्यवीर सिंह, प्रधान आरक्षक सोनेन्द्र सिंह, सतेन्द्र सिंह, प्रमोद पाराशर, त्रिवेन्द्र सिंह, आरक्षक राहुल तोमर, राहुल तोमर, राहुल यादव, शैलेन्द्र सिंह राजावत, विकास चौहान, राहुल शुक्ला, अर्चना तोमर तथा वीडीएस सदस्य मो. आजम खान की सराहनीय भूमिका रही।


