– कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने दी शुभकामनाएं
भिण्ड, 21 मार्च.मनीष दुबे। जिले में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक अनूठी पहल के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया द्वारा चलाए जा रहे नवदिवसीय संकल्प अभियान के तीसरे दिन जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व विधी पुत्री रंजना पुष्पेन्द्र भदौरिया निवासी ग्राम मानहड़ तहसील गोरमी को सौंपा गया।
अपने एक दिवसीय कार्यकाल के दौरान विधी भदौरिया ने पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ प्रशासनिक कार्यों का संचालन किया। उन्होंने सर्वप्रथम विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक ली, जिसमें विभाग के अधिकारी नितिन डोंगरे उपस्थित रहे। बैठक में विद्युत योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कुमारी विधी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा बिजली बचत के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके पश्चात नरेगा योजना की समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी अमित शर्मा द्वारा उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें अवगत कराया गया कि वर्तमान में यह योजना विकसित भारत जीराम के रूप में क्रियान्वित की जा रही है तथा इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधी ने मप्र के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला से वीडियो कॉल के माध्यम से चर्चा की। इस अवसर पर मंत्री ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत विधी ने जिला पंचायत सीईओ एवं जिले के समस्त विभाग प्रमुखों के साथ जलगंगा संवर्धन विषयक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। बैठक में उन्होंने जल संरक्षण के अंतर्गत पुराने कुओं एवं बावड़ियों के समुचित जीर्णोद्धार के निर्देश दिए, ताकि जल स्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया की इस अभिनव पहल से जिले में वास्तविक बदलाव की बयार दिखाई दे रही है। जो क्षेत्र कभी बागियों की पहचान से जाना जाता था, वहीं आज बेटियां नेतृत्व कर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। यह पहल न केवल बेटियों को सशक्त बना रही है, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सोच में सकारात्मक परिवर्तन का भी सशक्त संदेश दे रही है।


