– संत समाज ने दिया अल्टीमेटम, महापंचायत के बाद हाईवे पर किया प्रदर्शन
भिण्ड, 28 फरवरी.मनीष दुबे। राष्ट्रीय राजमार्ग 719 को सिक्स लाइन बनाए जाने में हो रही देरी के विरोध में संत समाज का आंदोलन निर्णायक चरण में पहुंच गया है। मेहगांव स्थित विश्राम गृह में आयोजित महा पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो 16 मार्च से बरोही व बरेठा टोल प्लाजा पर वसूली नहीं होने दी जाएगी।
महापंचायत की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय संत समिति के जिला अध्यक्ष संत कालीदास महाराज ने कहा कि पिछले दो वर्षों से संत समाज लगातार हाईवे चौड़ीकरण की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से केवल आश्वासन मिले हैं। हाईवे की कम चौड़ाई और बढ़ते यातायात दबाव के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। हर दूसरे दिन एक व्यक्ति की मौत और प्रतिवर्ष सैकड़ों लोगों की जान जाने की बात कहते हुए उन्होंने इसे जनसुरक्षा का गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व में आंदोलन स्थगित कराने के लिए आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। इस बार आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता।
महापंचायत के बाद आंदोलनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरकर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया और सांकेतिक जाम लगाया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। संत समाज ने इसे सरकार को चेतावनी बताते हुए कहा कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आगे का आंदोलन और उग्र होगा। महापंचायत में राजनीतिक सरगर्मी भी नजर आई। अब तक यह आंदोलन संत समाज तक सीमित था, लेकिन इस बार कांग्रेस खुलकर समर्थन में दिखाई दी। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया अपने पदाधिकारियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि विधायक हेमंत कटारे द्वारा हाईवे सिक्स लाइन और दुर्घटनाओं का मुद्दा विधानसभा में उठाया गया है। साथ ही विधायक केशव देसाई भी इस विषय को लेकर चिंतित हैं।
महापंचायत में संतों, समाजसेवियों और भूतपूर्व सैनिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक टोल वसूली नहीं होने दी जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि इसके लिए चाहे लंबी लड़ाई लड़नी पड़े या जेल जाना पड़े, संत समाज पीछे नहीं हटेगा। इसी बीच कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। महामंडलेश्वर रामदास महाराज दंदरौआ, महामंडलेश्वर हरिनिवास अवधूत महाराज, संत कालीदास महाराज, पीठाधीश्वर त्रिमूर्ति धाम डॉ. शिवप्रताप महाराज, हरिओम दास महंत भूमिया सरकार, संत गोवर्धन महाराज दूधी बाबा, संत हरिओम दास महाराज सहित भूतपूर्व सैनिकों में इंडियन वेटरन ऑर्गनाइजेशन सैनिक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष मेहगांव कैप्टन कालीचरण शर्मा, महेश करारिया फौजी, नक्शे फौजी, सत्यपाल सिंह भदौरिया फौजी, अनूप सिंह भदौरिया, बंटी जादौन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।


