– नगर पालिका के नियमों का कंपनियां नहीं कर रहीं पालन
भिण्ड, 28 फरवरी.मनीष दुबे। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में संचालित सनब्रिज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड कई दिनों से कंपनी संचालक के इशारों पर आवागमन वाले रास्तों पर हानिकारक राख एवं बाहर खुले नाले में दूषित पानी छोड़ा जा रहा है। जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा दी गई। फैक्ट्री प्रबंधकों की लापरवाही से फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त हानिकारक अपशिष्ट (राख) एवं गंदा दूषित पानी नाले में ओर राख कस्बे की सड़कों और नेशनल हाईवे के किनारे जगह जगह डाल वातावरण दूषित कर रहे है। कंपनी संचालक अपने फायदे के लिए पशु-पक्षी एवं मानव जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे वातावरण दूषित कर रहे हैं। इसी वजह से लोग बदबू से परेशान हो रहे हैं। वहीं राख हवा में उड़कर लोगों की आंख एवं स्वास के जरिए अंदर जाने से स्वास्थ्य संबंधी फेफड़े आदि कई बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
गौरतलब है कि मालनपुर कस्बे में संचालित कुछ फैक्ट्रियों में ठोस अपशिष्ठ के रूप में राख और कचरा निकलता है। नियमानुसार कंपनी प्रबंधन को इस केमिकल युक्त राख और कचरे को जमीन में दबाने का निर्देश हैं, ताकि इस कचरे और राख के संपर्क में लोग और मवेशी न आए। उसके बाद भी कंपनी प्रबंधन द्वारा कचरा और राख को सड़क और हाईवे के किनारे फेंका जा रहा है।
नगर परिषद नहीं करती ठोस कार्रवाई
मालनपुर के लोगों का कहना है कि लंबे समय से कस्बे में संचालित फैक्ट्रियां से निकलने वाला दूषित पानी नाले में और केमिकल युक्त राख को सड़कों के किनारे फेंका जा रहा है। इस संबंध में नगर परिषद अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अभी तक परिषद की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इनका कहना है:
”अगर ऐसा है तो कचरा और राख फेंकने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखा जाएगा।”
रिहान अली, सीएमओ मालनपुर


