– कोंहार गांव में एससी-एसटी एक्ट में दर्ज एफआईआर पर जताया विरोध
भिण्ड, 21 फरवरी.मनीष दुबे। जिले के मेहगांव जनपद के कोंहार गांव में हनुमान मन्दिर पर ब्राह्मण-क्षत्रिय समाज सहित अन्य वर्गों के लोगों द्वारा शुक्रवार सुबह एकजुटता दिखाते हुए शपथ लेकर जाटव समाज के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में 17 फरवरी को दर्ज हुई एससी-एसटी एक्ट की एफआईआर और कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में यह कदम उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कोंहार गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में बैठक बुलाई गई। बैठक में ब्राह्मण, क्षत्रिय सहित अन्य समाजों के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जाटव समाज के कुछ लोगों द्वारा हिन्दू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईर्ं तथा ब्राह्मण-क्षत्रिय समाज और मनुवाद को लेकर विरोध जताया गया। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ ली गई कि वे जाटव समाज के लोगों के साथ सामाजिक मेलजोल नहीं रखेंगे। इसमें उनके घर आना-जाना बंद करना, सभी संबंध समाप्त करना तथा खेतों में कामकाज से जुड़े संपर्क भी खत्म करने जैसे निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही नारेबाजी करते हुए गांव में रैली भी निकाली गई। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो आगे भी सामूहिक निर्णय लिए जा सकते हैं। यहां बता दें कि इससे पहले सुरपुरा क्षेत्र में कथित पेशाब काण्ड के बाद भी सर्व समाज द्वारा जाटव समाज के खिलाफ सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया था।


