– बोल बम के जयघोष से गूंजा नगर
भिण्ड, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवभक्तों द्वारा कांवड़ यात्रियों एवं व्रतधारियों के लिए विभिन्न स्थानों पर फलाहार भण्डारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। थाने के पास कोंच रोड, पत्थर टाल एवं गोरा सहित कई प्रमुख स्थानों पर शिवसेवकों द्वारा चाय, फल, केसर दूध एवं अन्य फलाहार की व्यवस्था की गई। सुबह से देर रात तक शिवभक्त सेवा में जुटे रहे और आने-जाने वाले कांवड़ियों का स्वागत कर उन्हें प्रसाद वितरित किया।
कांवड़ लेकर निकल रहे श्रद्धालु बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष लगाते हुए जब भंडारों पर पहुंचे तो आयोजकों ने पुष्प अर्पित कर उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर शिवभक्तों ने स्वयं खड़े होकर श्रद्धालुओं को फलाहार परोसा। आयोजकों का कहना है कि महाशिवरात्रि पर कांवड़ियों की सेवा करना भक्ति है। नगरवासियों ने भी इस पुण्य कार्य की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव मजबूत होता है। पूरे दिन नगर में भक्ति का माहौल बना रहा। भंडारों में अनुशासन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। श्रद्धालुओं ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सेवा भावना से महाशिवरात्रि का पर्व और भी पावन बन गया।


