– ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सेंथरी द्वारा ग्राम जागरूकता चौपाल आयोजित
भिण्ड, 12 फरवरी। मप्र जन अभियान परिषद विकास खण्ड मेहगांव द्वारा चयनित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सेंथरी द्वारा ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में ग्राम स्तरीय जागरूकता चौपाल बैठक का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को जन्म से लेकर मृत्यु तक जीवन के विभिन्न चरणों में आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों के बारे में जागरूक करना था, ताकि वे समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें और किसी भी प्रकार की कठिनाई से बच सकें। चौपाल में मप्र जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था से राकेश श्रीवास, समिति सदस्य ग्राम के बुजुर्ग, युवा उपस्थित रहे।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि आज के समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए जीवन के विभिन्न चरणों में आवश्यक दस्तावेजों का होना अत्यंत जरूरी है। यदि समय पर दस्तावेज बन जाएं, तो शासन की योजनाओं का लाभ लेना आसान हो जाता है और किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। जन्म प्रमाण पत्र किसी भी व्यक्ति की पहचान का पहला आधिकारिक दस्तावेज होता है। साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता, आय प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा मूल निवासी प्रमाण पत्र एवं किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के बारे में जानकारी देते हुए बताया ये दस्तावेज शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन, छात्रवृत्ति और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक होते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों के दस्तावेज समय पर बनवाएं और उन्हें सुरक्षित रखें।
राकेश श्रीवास ने कहा कि प्रस्फुटन समिति का उद्देश्य ग्रामों का समग्र विकास, सामाजिक जागरूकता और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष महिपाल चौहान ने कहा कि समिति का उद्देश्य ग्रामों में जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक समरसता स्थापित करना और प्रत्येक व्यक्ति को शासन की योजनाओं से जोड़ना है। प्रस्फुटन समिति सचिव रामधुन ने कहा कि समिति द्वारा इस प्रकार की चौपाल बैठक द्वारा ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी मिल सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
अंत में सभी ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों के दस्तावेज समय पर बनवाएं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर जितेन्द्र सिंह, मोहर सिंह, प्रकाश सिंह, बदन सिंह, लक्ष्मण सिंह, बलवीर सिंह, भागीरथ सिंह, राय सिंह, महेन्द्र सिंह, विश्राम सिंह, रुस्तम सिंह, गोपाल सिंह, रामतीर्थ सिंह, अजय सिंह, ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


