भिण्ड, 12 फरवरी। दबोह नगर में 13 फरवरी को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगर में उत्साह का वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं में विशेष उल्लास देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि महोत्सव का शुभारंभ सुबह 12 बजे बाबा श्याम की निशान यात्रा से होगा। यह निशान यात्रा गल्ला मंडी प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी, श्रद्धालु एवं नगरवासी सम्मिलित होंगे। शाम को गल्ला मंडी प्रांगण में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा, जो आकर्षण का केन्द्र रहेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत छप्पन भोग की दिव्य झांकी, ज्योत दर्शन, भजन संध्या, इत्र वर्षा एवं श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्याम मंडल दबोह ने सभी श्याम प्रेमियों, नगरवासियों एवं व्यापारी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। प्रशासनिक व्यवस्था एवं श्यामप्रेमियों द्वारा आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
अकोड़ा में भक्तमाल कथा और सत्संग समारोह 14 फरवरी से
भिण्ड। लक्ष्मण दास महाराज के सानिध्य में 14 से 16 फरवरी तक श्रीराम जानकी मंदिर बड़ी जग्गा अकोड़ा पर तीन दिवसीय भक्तमाल कथा एवं सत्संग समारोह का आयोजन होने जा रहा है। जानकारी देते हुए आदित्य दुबे ने बताया कि उक्त कार्यक्रम में संत अनिल पाठक महाराज द्वारा प्रवचन दिए जाएंगे। इसके साथ साध्वी आराध्या देवी द्वारा भक्तमाल की कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा।


