– बहुआ मोड़ पर स्टॉप के लिए दबंगई, बस के स्टाफ को धमकाया
भिण्ड, 04 फरवरी। जिले के मेहगांव थाना क्षेत्रांतर्गत नेशनल हाईवे-719 पर बुधवार सुबह सूत्र सेवा की बसों के साथ दबंगई दिखाते हुए बहुआ मोड़ पर भिण्ड-ग्वालियर मार्ग पर संचालित 4 से 5 सूत्र सेवा बसों को जबरन रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक परेशान होना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक बहुआ मोड़ पर बस स्टॉप की मांग को लेकर स्थानीय युवकों ने दबंगई दिखाते हुए सूत्र सेवा की बसों को रोक दिया। इस दौरान बस स्टाफ के साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें धमकाया गया। बसों को जबरन खड़ा कराए जाने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बस रोकने वाले युवकों की पुलिस से भी बहस हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दो युवकों को मौके से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। सूत्र सेवा बस प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार ग्वालियर-भिण्ड मार्ग पर बसों का संचालन शासन से हुए अनुबंध के तहत किया जा रहा है। सेवा शर्तों के अनुसार बसों का निर्धारित स्टॉपेज केवल भिण्ड, मेहगांव, गोहद, मालनपुर और ग्वालियर है। बीच में किसी भी अन्य स्थान पर स्टॉपेज नहीं है, जबकि कुछ बसें सीधे भिण्ड से ग्वालियर संचालित होती हैं। बस प्रबंधक प्रमोद शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त स्टॉपेज की मांग को लेकर स्थानीय लोग दबाव बना रहे हैं और मना करने पर बसों को रोककर स्टाफ से अभद्रता की जा रही है। बसें रोके जाने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मेहगांव एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि बस पर यात्रियों के चढ़ने-उतरने को लेकर विवाद हुआ था। एक बस को रोके जाने के कारण पीछे से आ रही अन्य बसें भी रुक गई थीं। फिलहाल मामला सुलझा लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।


