– दिव्यांगों की आबाज उठाते रहेंगे : कल्लू पठान
भिण्ड, 27 जनवरी। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय दिव्यांग संगठन द्वारा नगर में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के जज्बे से सबरोर यह यात्रा न केवल आकर्षण का केन्द्र रही, बल्कि इसने दिव्यांगों की समस्याओं और उनके अधिकारों को भी प्रमुखता से शासन-प्रशासन के सामने रखा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ वृंदावन मैरिज गार्डन से हुआ। डीजे पर बजते देशभक्ति के गीतों के बीच बड़ी संख्या में दिव्यांग साथी नगर के मुख्य मार्गों-कोच तिराहा, मंडी गेट और गणेश चौक से होते हुए झंडा चौक पहुंचे। यहाँ यात्रा एक आमसभा में तब्दील हो गई, जहां स्थानीय नागरिकों और अतिथियों ने पुष्पमाला पहनाकर सभी दिव्यांग साथियों का आदर-सत्कार किया।
संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष कल्लू पठान ने सभा को संबोधित करते हुए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मैं विकलांग साथियों की आवाज को झुकने नहीं दूंगा। उन्होंने मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगे रखीं जिसमें उन्होंने कहा कि लहार विधायक अंबरीश शर्मा से निवेदन किया जाएगा कि दबोह में हर महीने एक विशेष शिविर लगाया जाए, ताकि दिव्यांगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बाहर न भटकना पड़े। वर्तमान में मिल रही 600 रुपए की मासिक पेंशन को महंगाई के दौर में ना काफी बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की गई। जिन साथियों के प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनके लिए त्वरित प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही शेष 7 पात्र हितग्राहियों को जल्द ही ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
ब्लॉक अध्यक्ष कल्लू पठान ने दहाड़ते हुए कहा कि विकलांगता हमारे शरीर में है, हमारे इरादों में नहीं। शासन-प्रशासन यह न समझे कि हम मजबूर हैं, हम वो ताकत हैं जो अपना हक छीनना भी जानते हैं। जब तक हर पात्र दिव्यांग को उसका अधिकार नहीं मिल जाता, मेरी यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है। पठान ने साथियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अकेले हम सिर्फ एक विकलांग हैं, लेकिन संगठित होकर हम एक ऐसी चट्टान हैं जिसे कोई हिला नहीं सकता। इस आमसभा को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी संबोधित किया।


