भिण्ड, 21 जनवरी। शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के निराकरण को लेकर चलाए जा रहे ‘संकल्प से समाधान’ शिविर का बुधवार को नगर परिषद आलमपुर के वार्ड क्र.5 में फुलऊ कुईया के पास आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्यत: वार्ड क्र.5 और 6 के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए किया गया था। शिविर के दौरान कर्मचारियों को 35 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें सबसे अधिक 16 आवेदन आयुष्मान कार्ड के प्राप्त हुए। इसके अलावा शेष आवेदन पेंशन, राशन कार्ड, पानी, सफाई, सड़क, नाली एवं प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर प्राप्त हुए। इनमें से कुछ मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि तय समय-सीमा में उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि समाधान योजना के तहत हर वार्ड में इस तरह के शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उनकी समस्याएं उनके क्षेत्र में ही सुनी जा सकें। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और शासन-प्रशासन व आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इस मौके पर नगर परिषद एआरआई दिलीप वर्मा, महेन्द्र छारी, सचिन भदौरिया, सलामत खान, रवि त्रिपाठी, सत्यवीर परिहार, मोहित गुप्ता, रक्षा तिवारी आदि मौजूद रहे।
इनका कहना है:
”शिविर में समस्या लेकर आने लोगों की समस्याओं का समाधान कर्मचारियों के द्वारा मौके पर किया जा रहा है एवं अन्यथा की स्थिति में संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है।”
अतुल रावत, मुख्य नगर परिषद अधिकारी


