– 11 जनवरी को बजरंगगढ़ में पेड़ पर लटका मिला था प्रौढ़ का शव
भिण्ड, 20 जनवरी। जिले के बजरंगगढ़ अकोड़ा गांव में गत 11 जनवरी को पेड़ से लटकी मिली सुखबीर बघेल की लाश के मामले पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और मारपीट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है है।
जानकारी के अनुसार सुखबीर बघेल पुत्र रामाधार बघेल उम्र 55 वर्ष का शव गांव के पास बांध वाले खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। ऊमरी थाना पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच की, तो मृतक के सिर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान मिले। इससे मामला संदिग्ध हो गया। परिजनों ने भी गांव के कुछ लोगों से पुराने विवाद की बात कही थी। पुलिस ने शक के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सुखबीर की मौत फंदे पर लटकने से नहीं, बल्कि मौत से पहले हुई जबरदस्त मारपीट और सिर में आई गंभीर चोटों व आंतरिक रक्तस्त्राव के कारण हुई थी। रिपोर्ट से साफ हो गया कि हत्यारों ने मारपीट कर उसे मार डाला और फिर सुसाइड का रूप देने के लिए लाश को पेड़ से लटका दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मृतक के भाई सुरेश सिंह बघेल की शिकायत पर गांव के ही चार दबंगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जिसमें प्रदीप बघेल, हरनारायण बघेल, कमलेश बघेल, कुलदीप बघेल को आरोपी बनाया गया है।
परिजनों के अनुसार आरोपियों से सुखबीर का पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस अब इस एंगल की जांच कर रही है कि घटना वाले दिन क्या हुआ था और क्या इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल थे। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है। वहीं थाना प्रभारी ऊमरी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि हुई है। मृतक के भाई की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


