– गुस्साए लोगों ने डेढ़ घण्टे किया जाम
भिण्ड, 20 जनवरी। जिले के देहात थाना क्षेत्रांतर्गत देवभूमि मैरिज गार्डन चंदनपुरा के पास एक स्कूल की बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्काजाम लगा दिया जो करीब ड़ढे घण्टे बाद पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुला। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रिंस भाटिया पुत्र जयवीर सिंह उम्र 18 वर्ष निवासी मिश्रनपुरा के रूप में हुई। प्रिंस अपने घर से बाजार की ओर बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह चंदनपुरा के पास पहुंचा, सामने से आ रही आईपीएस स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी और बस का पहिया प्रिंस के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और परिजनों को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। युवक की दर्दनाक मौत से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खोला गया। इधर, हादसे के बाद भाग रही स्कूल बस को पुलिस ने पकड़ लिया है और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक प्रिंस भाटिया के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।


